हाईकोर्ट के पूर्व कोषाध्यक्ष अंजनी कुमार मिश्रा ने समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की
ब्यूरो रिपोर्ट आमिर मिर्ज़ा ✍️
प्रयागराज। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर इलाहाबाद जन कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद हन्जला को भारतीय संविधान की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। हाईकोर्ट के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट अंजनी कुमार मिश्रा ने संविधान की पुस्तक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया और समाजहित में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर अंजनी कुमार मिश्रा ने कहा कि मोहम्मद हन्जला पिछले कई वर्षों से समाजहित, जनकल्याण और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। समाज के कमजोर, गरीब, मजदूर और पीड़ित लोगों की आवाज उठाना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना सराहनीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि मोहम्मद हन्जला जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जरूरतमंदों को न्याय और सहायता दिलाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। उनका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना तथा सामाजिक भाईचारे, समानता और मानवता की भावना को मजबूत करना है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मोहम्मद हन्जला ने अंजनी कुमार मिश्रा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संविधान की पुस्तक भेंट कर मिला यह सम्मान उनके लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। भारतीय संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान, न्याय, स्वतंत्रता और समानता का आधार है।
मोहम्मद हन्जला ने कहा कि संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय एवं अधिकारों की आवाज पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाजसेवा उनके लिए दिखावा नहीं, बल्कि वर्षों से निभाई जा रही जिम्मेदारी और मानवता के प्रति समर्पण है। यह सम्मान उन्हें समाजहित और राष्ट्रहित में और अधिक मजबूती एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर संविधान की पुस्तक भेंट कर किया गया यह सम्मान सामाजिक सद्भाव, संवैधानिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी संदेश बना।
इस अवसर पर एडवोकेट अमरेंद्र मिश्रा, एडवोकेट अजय पांडे, एडवोकेट अनुराग कुमार गौतम, एडवोकेट विमल मिश्रा, एडवोकेट शंभूनाथ पांडे तथा हाईकोर्ट के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट अंजनी कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।
