Hot Posts

6/recent/ticker-posts

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू राष्ट्र शक्ति ने सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

विशेष संवाददाता सीतापुर 

चकमार्ग पर कब्जा, भ्रष्टाचार और ग्रामसभा में घोटालों को लेकर भाकियू राष्ट्र शक्ति का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

सीतापुर। भारतीय किसान यूनियन राष्ट्र शक्ति के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

ज्ञापन में चार प्रमुख मुद्दों को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है, जिसमें सबसे अहम ग्राम राजेपुर कलां का चकमार्ग विवाद है।

चकमार्ग पर अवैध कब्जे का आरोप
जनपद सीतापुर की सदर तहसील के ब्लॉक एलिया अंतर्गत ग्राम राजेपुर कलां में गाटा संख्या 830 पर स्थित चकमार्ग को नंदकिशोर वर्मा नामक व्यक्ति द्वारा पेट्रोल पंप के कब्जे में लेकर दीवार खड़ी कर दी गई है। यह चकमार्ग किसानों की कृषि भूमि और विद्यालय के छात्रों के लिए मुख्य मार्ग है। भाकियू राष्ट्र शक्ति ने इस अवैध कब्जे को तुरंत हटवाने की मांग की है।

भ्रष्टाचार और महिला जिलाध्यक्ष की जमीन में छेड़छाड़ का मामला
संगठन की महिला जिलाध्यक्ष रेनू सिंह चौहान की गाटा संख्या 843 (बाग) को लेकर भी चकबंदी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि कुछ अराजकतत्वों से मिलीभगत कर बेशकीमती भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे महिला पदाधिकारी को मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

पैमाइश में निष्पक्षता की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि चकमार्गों की पैमाइश दूसरी तहसील के अधिकारियों की निगरानी में कराई जाए, जिससे निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो और किसानों को न्याय मिल सके।

ग्रामसभा हेमपुर में घोटाले का आरोप
संगठन ने ग्रामसभा हेमपुर में ग्राम प्रधान और सचिव पर बिना खुली बैठक के फर्जी प्रस्तावों और हस्ताक्षरों से घोटाला करने का आरोप लगाया है। पंचायत समिति की कार्यवाही सवालों के घेरे में है और पंचायत सदस्यों के बीच अविश्वास की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

संगठन ने की चारों बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग
ज्ञापन सौंपते हुए भाकियू राष्ट्र शक्ति के प्रदेश महासचिव जुबैर अहमद अंसारी, प्रदेश सचिव मनोज वैश्य और महिला जिलाध्यक्ष रेनू सिंह चौहान ने अधिकारियों से इन चारों गंभीर मामलों में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मांगे नहीं मानी गईं, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

प्रदर्शन में मौजूद प्रमुख लोग:
जिलाध्यक्ष जयमल सिंह, मजदूर मोर्चा जिलाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी मोहम्मद आदिल, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष यादव, फजल खान, रियाजुल अंसारी, पप्पू अंसारी, जगमोहन गौतम, प्रियंका गौतम, सीमा देवी, रोशनी देवी, सुनीता मौर्य, मखोला, पवन कुमार, सर्वेश कुमार, नवल वर्मा, राजू कश्यप सहित सैकड़ों किसान साथी प्रदर्शन में शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments