Breaking News

सीतापुर: नसीरपुर पंचायत में मुख्यमंत्री आवास आवंटन में फर्जीवाड़ा का आरोप

 


ब्यूरो रिपोर्ट पप्पू कुमार चौहान, सीतापुर ✍️

सकरन (सीतापुर), 15 फरवरी 2026:

नसीरपुर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री आवास आवंटन को लेकर बड़ी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ जिम्मेदार अधिकारियों और प्रतिनिधि ग्राम प्रधान ने अपात्र व्यक्तियों को आवास रेवड़ी की तरह बांटते हुए दस्तावेजों में हेर-फेर किया।

ग्रामीण राजकुमार, रामप्रकाश, मनोज, अनुज, अमित, रामनरेश, सुशील, प्रताप, खेमन और कंचन ने बताया कि प्रत्येक आवास के लिए 15-20 हजार रुपये वसूलकर पात्र व्यक्तियों के बजाय अपात्रों को आवंटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी इसी प्रधान ने अपात्रों को आवास दिए थे, जिनकी रिकवरी की गई थी, लेकिन अब उसी पैटर्न को दोहराया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मजरा क़ुतुबापुर में अपने चहेतों से बड़े पैमाने पर जांच के नाम पर रकम वसूलकर पक्के मकान और दो मंजिला आवास का सत्यापन करवा दिया गया। इसी तरह, अंदुपुर (राधनपुरवा) में भी बड़ी रकम वसूलकर आवास में फर्जीवाड़ा किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि जिन पात्रों ने प्रधान और उसके चेलों को रकम नहीं दी, उनका आवास अब तक मुहैया नहीं कराया गया। वहीं, आवास तारा पत्नी स्व. शत्रुहन को दिया गया, जबकि वह पूरी तरह स्वयं खरीदी गई जमीन की मालिक हैं और पात्रता मानकों से परे हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस फर्जीवाड़े में प्रधान और जांच टीम ने गरीब पात्रों के हक पर डाका डालते हुए अपनी जेब भरी और सरकार की बड़ी धनराशि हड़पने का प्रयास किया।

इस गंभीर मामले पर एडीओ पंचायत, सकरन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन लगातार व्यस्त रहा।

ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे भ्रष्टाचार के मामलों में कब तक नसीरपुर पंचायत के अपात्र लोग लाभ उठाते रहेंगे और गरीब पात्रों का हक हड़पते रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments