Breaking News

स्वर, शब्द और संस्कृति का उत्सव, एसएस कॉलेज में प्रतिभाओं का अभिनंदन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर: एसएस कॉलेज के संगीत विभाग द्वारा “भारतीय संस्कारों में संगीत की भूमिका”, “संगीत यात्रा: तानसेन से ए. आर. रहमान तक” तथा “भारतीय संगीत के विविध रूप” विषयों पर आयोजित निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्रा, प्राचार्य प्रो. आर. के. आजाद, उप प्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल एवं संकायाध्यक्ष प्रो. आलोक मिश्रा ने विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

निबंध प्रतियोगिता में अंतरा सक्सेना और मान्या पांडेय ने प्रथम, शबनम भारतीय व काजल मिश्रा ने द्वितीय तथा मोहिनी प्रजापति और नेहा तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नीलम और राधा को सांत्वना पुरस्कार मिला। भाषण प्रतियोगिता में संध्या सिंह व मान्या पांडेय ने प्रथम, संजीत कुमार व काजल मिश्रा ने द्वितीय तथा खुशी गुप्ता और काजल मिश्रा (द्वितीय) ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त 24 प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि प्रो. अवनीश मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीविकोपार्जन का सशक्त साधन भी है। उन्होंने तानसेन से लेकर ए. आर. रहमान तक की संगीत यात्रा को परंपरा और आधुनिकता के समन्वय का प्रतीक बताया।

प्राचार्य प्रो. आर. के. आजाद ने कहा कि साहित्य और संगीत मनुष्य की संवेदनाओं को अभिव्यक्ति प्रदान करते हैं और ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना को विकसित करती हैं।

उप प्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निबंध एवं भाषण के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

संकायाध्यक्ष प्रो. आलोक मिश्रा ने कहा कि संगीत की साधना अनुशासन, करुणा और सौंदर्यबोध को विकसित कर समाज में समरसता को मजबूत करती है।

इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. प्रीति, सुयश सिन्हा, व्याख्या सक्सेना एवं रश्मि राठौर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. मधुकर श्याम शुक्ला, डॉ. विकास खुराना, डॉ. श्रीकांत मिश्रा, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. रामशंकर पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया।

संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. कविता भटनागर ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ. विकास खुराना द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डॉ. पूनम, डॉ. बरखा सक्सेना, डॉ. प्रतिभा सक्सेना, दीपक साहू, राहुल तिवारी सहित अनेक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments