ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी
सीतापुर। थाना कोतवाली क्षेत्र बिसवां के काजीपुर गांव में 4 वर्षीय मासूम बालिका का शव एक निर्जन झोपड़ी में चारपाई पर पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, बालिका सोमवार शाम खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। उसकी मां सुशीला देवी लकड़ी बीनने गई थीं, जबकि पिता रामशरण सोहरिया बाजार सामान लेने गए थे। देर शाम तक बच्ची का पता न चलने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए।
इसी दौरान गांव के दो युवकों ने बंद पड़ी रमेश पुत्र रामपाल की झोपड़ी में चारपाई पर बालिका का शव देखा, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अमन सिंह, इंस्पेक्टर बिसवां मुकुल प्रकाश वर्मा, चौकी इंचार्ज अरुण उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई गई।
सूत्रों के अनुसार बालिका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सीतापुर अंकुर अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा। वहीं एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
लखनऊ
0 Comments