Breaking News

थाना जलालाबाद का अर्धवार्षिक निरीक्षण, एएसपी ग्रामीण ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 शाहजहाँपुर।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने शुक्रवार को थाना जलालाबाद का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी जलालाबाद की मौजूदगी में किया गया।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष सहित विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जांच की गई। अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, बीट बुक और जनसुनवाई रजिस्टर की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक, भोजनालय, पेयजल, शौचालय और वाहन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण, बीट पुलिसिंग और रात्रि गश्त की भी समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि अपराध रोकथाम के लिए सक्रिय गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की नियमित चेकिंग की जाए।

निरीक्षण के बाद जलालाबाद सर्किल के सभी थानों के विवेचकों का ओआर (अर्दली रूम) लेकर लंबित मामलों और कानून-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया गया। बैठक में आगामी त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।

Post a Comment

0 Comments