जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में थाना गाजीपुर की सर्वोदय नगर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव थाना पारा क्षेत्र के बुद्धेश्वर-मोहन रोड स्थित एक कार के अंदर मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि उपनिरीक्षक अजय कुमार पिछले दिन दोपहर से चौकी के संपर्क में नहीं हैं। कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने पर वह थाना पारा क्षेत्र में मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर सड़क किनारे एक सेंट्रो कार खड़ी मिली, जिसके अंदर उपनिरीक्षक अजय कुमार अचेत अवस्था में पाए गए। वाहन अंदर से लॉक था, इसलिए आवश्यक वीडियोग्राफी कराते हुए कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले, हालांकि नाक से रक्तस्राव पाया गया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक उपनिरीक्षक अजय कुमार मूल रूप से जनपद हापुड़ के निवासी थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments