स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने जन समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए जुलाई से दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर जारी कर दिया है। इसके साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर प्रभावी समाधान करना तथा प्रमाण-पत्र, चेक एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का वितरण सुनिश्चित करना है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।
जारी रोस्टर के अनुसार विभिन्न तिथियों पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा संबंधित उपजिलाधिकारी अलग-अलग तहसीलों में समाधान दिवस की अध्यक्षता करेंगे।
विशेष परिस्थितियों के कारण 15 अगस्त 2026 (स्वतंत्रता दिवस) को प्रस्तावित समाधान दिवस अब 17 अगस्त 2026 (सोमवार) तथा 19 दिसंबर 2026 (स्थानीय अवकाश) को प्रस्तावित समाधान दिवस 21 दिसंबर 2026 (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वित्तीय साक्षरता अभियान, डिजिटल धन मेला, किसान क्रेडिट कार्ड, स्टैंड-अप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक समाधान दिवस के बाद किसी एक चयनित ग्राम का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी अद्यतन सूचनाओं के साथ उपस्थित रहेंगे। समस्त उपजिलाधिकारी अपने अधीनस्थ तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे तथा निर्धारित प्रारूप में मासिक रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराएंगे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments