Breaking News

मोबाइल चोरी का खुलासा, 7 फोन समेत शातिर चोर गिरफ्तार



रिपोर्ट: रिज़वान अली

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन अंतर्गत थाना गुडम्बा पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 7 मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 मार्च 2026 को वादी सिराज अहमद ने थाना गुडम्बा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान, आदर्श इन्फ्राटेक यूनिटी सिटी चौराहा कल्याणपुर से 12 मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। इस संबंध में थाना गुडम्बा पर मु0अ0सं0 0164/26 धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम ने 24 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुकरेल के जंगल की कच्ची सड़क के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद शुक्कर अली (उम्र लगभग 22 वर्ष) निवासी मूल रूप से सातकुला, थाना बिगनी, जनपद गुवाहाटी (असम) तथा वर्तमान में मैकाले टेम्पू स्टैंड के पास झोपड़ी, थाना गुडम्बा, लखनऊ बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 200 रुपये नकद तथा चोरी के 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोन में विभिन्न कंपनियों के हैंडसेट शामिल हैं, जिनमें पोको, टेक्नो, ओप्पो और मोटोरोला के मॉडल शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 19 मार्च को यूनिटी सिटी चौराहे के पास मोबाइल दुकान से ये फोन चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं से अवगत कराते हुए गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध धारा 303(2)/317(2) BNS के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ वर्ष 2019 में भी गुडम्बा थाने में मुकदमा दर्ज है।

इस गिरफ्तारी में थाना गुडम्बा के प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अतीश कुमार सिंह, दान बहादुर राय, अजय शंकर पांडेय तथा कांस्टेबल अनिल कुमार की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments