Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में 20 मामलों की सुनवाई, एक दंपति का हुआ समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान 20 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जबकि एक दंपति ने आपसी सहमति से समझौता कर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

परिवार परामर्श केंद्र में थाना पुवायाँ क्षेत्र के एक दंपति का मामला सुनवाई के लिए आया। दोनों की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी पिछले एक माह से अपने मायके में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है तथा सास अपशब्द कहती है। वहीं पति का कहना था कि उसकी पत्नी उसकी मां की बातों को लेकर विवाद करती है, जिससे परिवार में तनाव बना रहता है।

परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बातें सुनीं और आपसी संवाद के माध्यम से समझाने का प्रयास किया। परामर्श के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने और साथ रहने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दंपति को सकुशल विदा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकांत शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, रश्मि चौधरी तथा शीतल चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments