Breaking News

शाहजहांपुर में नकली ब्रांड के बेसन-दाल पर बड़ी कार्रवाई, 32.87 लाख की दाल सीज, पैकिंग मशीन भी जब्त

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रसिद्ध ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली पैकिंग कर बेचे जा रहे बेसन एवं दाल के कारोबार का भंडाफोड़ किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मोहल्ला जियाखेल स्थित दो फर्मों पर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान मैसर्स आरव उद्योग एवं मैसर्स श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज में विभिन्न ब्रांडों के नाम से भारी मात्रा में बेसन एवं दाल का भंडारण मिला। जांच के दौरान शिकायतकर्ता कंपनी के ब्रांड के 550 भरे हुए बोरे, लगभग 200 खाली बोरे तथा पैकिंग मशीन बरामद की गई।

दोनों फर्मों में कुल मिलाकर लगभग 3500 कुंतल बेसन एवं दाल का भंडारण पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए 07 नमूने संग्रहित किए। साथ ही करीब 1300 बोरों में रखी 386 कुंतल दाल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹32.87 लाख है, को सीज कर कारोबारी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

जांच के दौरान विभिन्न ब्रांडों के नाम से छपे लगभग 800 खाली बोरे और पैकिंग मशीन भी मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता दिल्ली की प्रतिष्ठित बेसन निर्माता कंपनी द्वारा कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) विनीत कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने की। मौके पर नगर मजिस्ट्रेट, मंडी समिति, जीएसटी विभाग की टीम, सीओ सिटी, कोतवाली पुलिस तथा स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी एवं नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments