ब्यूरो रिपोर्ट : रिज़वान अली, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 13 जून 2026। पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम और थाना चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कंपनी में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से ठगी और लूट करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,25,000 नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो कारें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार थाना चिनहट में दर्ज मुकदमा संख्या 314/2026 की जांच के दौरान सर्विलांस और थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर हरदाशी खेड़ा नहर पुलिया के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जावेद हुसैन (गोरखपुर), आसिफ (गोरखपुर), प्रवेश त्रिपाठी (संतकबीरनगर) और पूर्ण सिंह (अलवर, राजस्थान) के रूप में हुई है।
पीड़ित प्रभाकर सिंह ने 11 जून को थाना चिनहट में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई और उसके मित्र को एक कंपनी में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया और बाद में उनके साथ धोखाधड़ी एवं लूट की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित सिंडिकेट के रूप में काम करते थे। गिरोह लोगों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बुलाता था और बाद में पुलिस की विभिन्न शाखाओं का फर्जी नाम लेकर डराता-धमकाता था तथा ठगी और लूट की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1.25 लाख नकद, घटना में प्रयुक्त दो कारें, तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों और इकाइयों से जुटाई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments