स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 18 जून 2026। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बिस्मिल सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ताजिया कमेटियों के प्रतिनिधि एवं धर्मगुरु उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। शाहबाजनगर क्षेत्र में विद्युत तारों एवं साफ-सफाई की समस्या तथा थाना पुवायां क्षेत्र में नालियों के चोक होने की शिकायत पर संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने ताजिया जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर विद्युत तारों, अवरोधों एवं अन्य समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने को कहा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि ताजिया मार्ग में यदि किसी वृक्ष की शाखाएं बाधा उत्पन्न कर रही हों तो वन विभाग को सूचना देकर नियमानुसार केवल शाखाओं की छंटाई कराई जाएगी, वृक्षों की कटाई नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने सभी ताजिया मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष अथवा उपलब्ध कराए गए संपर्क नंबरों पर दी जा सकती है।
बैठक में सुरक्षा की दृष्टि से ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 8 फीट निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कोई भी ताजिया विद्युत तारों के संपर्क में न आए तथा निर्माण के समय निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ताजिया के ऊपरी भाग में लगी धातु अथवा एल्युमिनियम फॉयल विद्युत प्रवाह का कारण बन सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि धार्मिक झंडे लगाए जा सकते हैं, लेकिन किसी अन्य देश का झंडा अथवा परंपरा से इतर सामग्री का उपयोग नहीं किया जाएगा। गैर-परंपरागत जुलूसों से बचने तथा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के शस्त्र, भाले अथवा अन्य खतरनाक वस्तुओं के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि ट्यूबलाइट अथवा ऐसी कोई सामग्री लेकर न चला जाए जिससे दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो। ढोल एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में भी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी रोजा एवं तिलहर को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर ताजिया जुलूस राष्ट्रीय अथवा राज्य राजमार्गों को पार करता है, वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शीघ्र ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि मुहर्रम पर्व के दौरान किसी भी समस्या अथवा सूचना के लिए 9415901747 पर संपर्क किया जा सकता है।
अंत में सभी अधिकारियों एवं नागरिकों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की गई।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments