Breaking News

भाजपा जिला बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की बनी रणनीति

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण अभियान तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने की।

बैठक में वक्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्रनिर्माण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और भारत की अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना जीवन समर्पित किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जुलाई को सभी बूथों पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण, बूथ समितियों के बैंक खातों एवं डिजिटल लर्निंग अभियान की समीक्षा की जाएगी। वहीं 29 जून को अपराह्न 3 बजे एम.एल.के. ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा।

जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने सभी मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ पदाधिकारियों से संगठन के सभी कार्यक्रमों को अनुशासन, सक्रियता और जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी बल दिया।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, वरुण सिंह 'मोनू', देवानंद गुप्ता, वंदना पासवान, दयाराम प्रजापति, शिवप्रसाद यादव, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह 'पिंकू', डी.पी. सिंह बैंस, अवधेश तिवारी 'तरुण', ललिया तिवारी, झूमा सिंह, साधना पांडेय, सुधा पांडेय, सरोज तिवारी, रामकृपाल शुक्ल, राजाराम गौतम, नंदनी शुक्ल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments