स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 12 जून 2026। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर संचालित कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय रैंकिंग में सुधार एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य विभाग की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर एंटी रेबीज वैक्सीन तथा एंटी स्नेक वेनम वैक्सीन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि कुत्ता, बंदर, सांप अथवा अन्य विषैले जीव-जंतुओं के काटने की स्थिति में प्रभावित व्यक्ति अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर तत्काल उपचार एवं आवश्यक वैक्सीन प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड से वंचित पात्र व्यक्तियों की फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पाया गया कि निर्धारित 140 सड़कों के सापेक्ष 129 सड़कों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को कन्या विवाह सहायता सहित अन्य योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने तथा उद्योग विभाग को लंबित स्वीकृतियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों को 10 में 10 अंक प्राप्त हैं, वे अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को निरंतर बनाए रखें। विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने सेतु निगम द्वारा निर्मित ककरा पुल का आईआईटी-बीएचयू अथवा अन्य सक्षम संस्थान से परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुवायां क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने तथा निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालयों का निरीक्षण कराने के निर्देश भी जारी किए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। दाऊदपुर में मुख्यमंत्री मॉडल परियोजना के अंतर्गत विद्युत तार हटाने की कार्रवाई शीघ्र कराने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 21 जून को माननीय मंत्री द्वारा स्विमिंग पूल, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट एवं कबड्डी कोर्ट का उद्घाटन प्रस्तावित है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय से पूर्ण किए जाएं।
बैठक में सर्किट हाउस, पैक्ट सहित अन्य लंबित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन गौशालाओं को शीघ्र पूरा कराने तथा ददरौल ब्लॉक स्थित डायट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य संस्थानों को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, परियोजना अधिकारी अवधेश राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments