Breaking News

महिला हत्या कांड का खुलासा, एसओजी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल एवं थाना सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतका के मोबाइल फोन के कुछ पार्ट्स भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को रामनिवास ने अपनी पत्नी चन्द्रावती के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान 28 मार्च 2026 को ग्राम बरेंग स्थित सरसों के खेत से एक मानव कंकाल बरामद हुआ, जिसकी पहचान मृतका के रूप में हुई। इसके बाद मुकदमे में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाकर जांच तेज की गई।

लगातार प्रयासों के बाद 26 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी मिठ्ठूलाल निवासी ग्राम बरेंग को बरेंग रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या कर शव खेत में फेंकने और पहचान छिपाने के लिए उसके मोबाइल फोन को तोड़कर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल के कुछ पार्ट्स भी बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इस पूरे मामले के खुलासे में एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments