Breaking News

नगर क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने परखे सुरक्षा मानक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में चलाए गए विशेष सुरक्षा अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर एवं सिटी मजिस्ट्रेट ने नगर सर्किल क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुरक्षा मानकों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा एवं संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।

संचालकों को निर्देशित किया गया कि संस्थानों में सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखा जाए, आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रहें तथा विद्युत एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण कराया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान और निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments