स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 20 जून 2026। जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय एवं भाषा विभाग श्री मनीष चौहान ने शनिवार को विभिन्न निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी तथा मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी भी मौजूद रहे। प्रमुख सचिव ने नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन प्लैनेटोरियम, मल्टीलेवल कार पार्किंग, गांधी भवन के जीर्णोद्धार कार्य एवं हॉकी क्लब निर्माण परियोजना का अवलोकन किया।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत लगभग 13.23 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना में मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग सिस्टम, गार्ड रूम, पार्किंग एवं स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वर्तमान में लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और परियोजना को फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके बाद प्रमुख सचिव ने राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन प्लैनेटोरियम का निरीक्षण किया। लगभग 20.37 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग प्रणाली, पम्प रूम, स्ट्रीट लाइट एवं लैंडस्केपिंग का कार्य कराया जा रहा है। परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति लगभग 60 प्रतिशत बताई गई।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्लैनेटोरियम परिसर में बच्चों के लिए आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों एवं आकर्षणों से युक्त विशेष ‘ग्राउंड ग्लो एरिया’ विकसित किया जाएगा। साथ ही भवन में आधुनिक जिम, लाइब्रेरी और साइबर कैफे जैसी सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी। नागरिकों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त प्रवेश द्वार भी विकसित किए जाएंगे।
प्रमुख सचिव ने गांधी भवन के जीर्णोद्धार कार्य और निर्माणाधीन हॉकी क्लब का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शाहजहाँपुर को शिक्षा, पर्यटन, खेल और सामाजिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments