Breaking News

खुले ट्रांसफार्मर ने ली बेजुबान बछड़े की जान, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

 

ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️

उन्नाव। शहर के गोपेश्वर मंदिर के पास त्रिपाठी बिल्डिंग के पीछे स्थित खुले विद्युत ट्रांसफार्मर से करंट लगने के कारण एक मासूम बछड़े की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर न तो सुरक्षा घेरा (बैरिकेडिंग) लगाया गया है और न ही पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ट्रांसफार्मर के आसपास कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक का ढेर होने के कारण अक्सर बेजुबान पशु वहां पहुंच जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।

लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र गोपेश्वर मंदिर के निकट होने के कारण दिनभर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराने, खुले एवं लटकते तारों को ठीक करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बेजुबान या इंसानी जान को खतरा न हो।

Post a Comment

0 Comments