Breaking News

कृषि क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री योगी सख्त, किसानों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) शाखा के अंतर्गत आने वाले विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की अनिश्चितता और वर्षा के बदलते स्वरूप को देखते हुए प्रदेश को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि मिशन मोड में किसानों को समय पर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में गुणवत्तापूर्ण बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उर्वरकों की कृत्रिम कमी पैदा करने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग को नहर प्रणाली के प्रभावी संचालन के निर्देश देते हुए कहा कि सिंचाई का पानी अंतिम छोर तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कम सिंचाई वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।

संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पशुओं के लिए चारा, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन तथा जल संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने पर विशेष बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र का विकास प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

Post a Comment

0 Comments