स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), शाहजहाँपुर द्वारा सचिव श्रीमती अपेक्षा सिंह के संरक्षण एवं निर्देशन में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी शुकदेवानन्द विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण कर आपराधिक न्याय प्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट माननीय श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आपराधिक वादों की संपूर्ण न्यायिक प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने से लेकर विवेचना, आरोप-पत्र प्रस्तुत किए जाने, न्यायालय द्वारा संज्ञान लेने, साक्ष्य, बहस एवं अंतिम निर्णय तक की प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक रूप में समझाया।
उन्होंने न्यायालय की दैनिक कार्यवाही, न्यायिक अभिलेखों के महत्व तथा न्यायिक अधिकारियों की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न्यायालयीन कार्यवाही एवं अभिलेखों का अवलोकन कर आपराधिक न्याय प्रणाली के विभिन्न व्यावहारिक पक्षों को निकट से समझा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 34 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। महाविद्यालय स्तर पर कार्यक्रम का समन्वयन इंटर्नशिप समन्वयक श्री प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है।
इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को न्यायिक प्रक्रियाओं की वास्तविक समझ प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यावसायिक एवं विधिक ज्ञान को भी समृद्ध करते हैं।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments