Breaking News

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

आयुष्मान भारत योजना, संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

शाहजहाँपुर, 22 जून 2026। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान, पल्स पोलियो कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अभियान का द्वितीय चरण 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम एवं पंचायत विभाग को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

विकास खंड भावलखेड़ा एवं ददरौल की विशेष समीक्षा करते हुए बताया गया कि भावलखेड़ा के 45 गांवों में से 26 गांवों में आईआरएस छिड़काव का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि ददरौल के 42 गांवों में अभी यह कार्य शेष है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र छिड़काव कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मलेरिया नियंत्रण की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में अब तक मलेरिया के 93 मामले सामने आए हैं, जिनमें जून माह के 27 मामले शामिल हैं। जिलाधिकारी ने स्रोत नियंत्रण, छिड़काव एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आगामी बैठक में भावलखेड़ा एवं ददरौल के खंड विकास अधिकारियों तथा संबंधित एबीएसए की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामवार मरीजों की संख्या, सफाई व्यवस्था एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा किए जाने की बात कही।

बैठक में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दिन सभी संबंधित विद्यालय खुले रहें तथा पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए।

नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के अंतर्गत स्वास्थ्य इकाइयों के प्रमाणीकरण की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनपद की 52 स्वास्थ्य इकाइयों का प्रमाणीकरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी माह तक जनपद की प्रगति 8.15 प्रतिशत रही है। जनपद की 1067 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त ददरौल एवं भावलखेड़ा क्षेत्र में स्थापित हैचरियों के संचालन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर उनका संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर बाहरी स्रोतों से मत्स्य बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

Post a Comment

0 Comments