Breaking News

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गन्ना किसान डिग्री कॉलेज पुवायां की सामान्य निकाय बैठक संपन्न

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 22 जून 2026। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गन्ना किसान डिग्री कॉलेज, पुवायां की सामान्य निकाय बैठक कलेक्ट्रेट स्थित वीसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में गत कार्यवाही की पुष्टि के उपरांत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी पुवायां सदानंद सरोज ने महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि प्रधानाचार्य की नियुक्ति के एक माह बाद भी नियमित रूप से कार्यभार ग्रहण नहीं किया जा रहा है। साथ ही सामान्य निकाय के कुछ पद रिक्त हैं तथा कई सदस्य बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे हैं। महाविद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जे का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि प्रधानाचार्य की नियुक्ति हेतु पुनः विज्ञापन जारी कर नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने लगातार अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा रिक्त पदों पर नए सदस्यों के चयन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

महाविद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जे के संबंध में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी पुवायां को संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी करने तथा 15 दिनों के भीतर भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि स्नातक कक्षाओं के संचालन सहित महाविद्यालय के विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव एवं उप जिलाधिकारी पुवायां सदानंद सरोज, प्रधान प्रबंधक किसान सहकारी चीनी मिल पुवायां, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति पुवायां, अध्यक्ष सहकारी गन्ना विकास समिति पुवायां महेंद्र पाल, उपाध्यक्ष चीनी मिल देवेंद्र अवस्थी, गुरबचन सिंह, विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments