स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 20 जून 2026। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा "युवा नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास" विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल आर्थिक उन्नति से नहीं, बल्कि शिक्षित, जागरूक और उत्तरदायी नागरिकों के सक्रिय योगदान से संभव है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विश्वविद्यालय इस दिशा में जन-जागरूकता एवं बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से निरंतर योगदान देता रहेगा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच ही राष्ट्र निर्माण की वास्तविक आधारशिला है। व्यक्तित्व विकास के माध्यम से विद्यार्थी न केवल स्वयं को सशक्त बनाते हैं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी प्रभावी निर्वहन करते हैं।
उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता, महिला सशक्तिकरण तथा जन-जागरूकता जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हुए उनमें सेवा और समर्पण की भावना का विकास करती है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. अखण्ड, डॉ. केशव शुक्ला, डॉ. राम अवतार सिंह एवं श्री दीपक दीक्षित उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं सहित विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments