स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 13 जून। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपद में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत खजूरी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद सिंह की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने खाद, राशन, पेंशन, बिजली, अवैध कब्जा, खनन तथा अन्य जनसमस्याएं रखीं, जिनमें कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
चौपाल में सबसे अधिक शिकायतें खाद की ओवररेटिंग और सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध न होने को लेकर सामने आईं। किसानों ने बताया कि 266 रुपये की खाद की बोरी 400 से 450 रुपये तक बेची जा रही है। इस पर एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि ओवररेटिंग पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
राशन वितरण की शिकायत पर ग्राम खजूरी निवासी दूजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें लंबे समय से राशन नहीं मिल रहा है। एडीएम ने मौके पर ही कोटेदार को फटकार लगाई और आधार ओटीपी संबंधी समस्या का समाधान कराया। ग्रामीणों ने सप्लाई विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए, जिस पर एडीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
समाज कल्याण विभाग से संबंधित पेंशन की कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
किसानों ने वर्ष 2019 में स्वीकृत बिजलीघर के निर्माण में हो रही देरी और लो-वोल्टेज की समस्या भी उठाई। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही मिलने पर संबंधित लेखपाल को फटकार लगाई गई तथा सभी पात्र किसानों की शीघ्र फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम चौपाल में मिशन शक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आपदा प्रबंधन के विषय में भी जानकारी दी गई। थाना अध्यक्ष जुगल किशोर ने महिलाओं की सुरक्षा एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया। वहीं तहसीलदार शशांक प्रताप ने आंधी-तूफान एवं सांप काटने जैसी घटनाओं के दौरान सतर्क रहने तथा झाड़-फूंक के बजाय अस्पताल में उपचार लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, मिशन शक्ति, सफाई कर्मी तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments