Breaking News

मोहर्रम को लेकर मुतवल्ली मीसम रिज़वी की पहल पर पीस मीटिंग, डीसीपी बोले – अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। आगामी मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दरगाह हज़रत अब्बास के मुतवल्ली मीसम रिज़वी की पहल पर एक महत्वपूर्ण पीस मीटिंग का आयोजन किया गया। सहादतगंज क्षेत्र स्थित दरगाह के निकट एक मैरिज हॉल में आयोजित बैठक में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया।

बैठक में पश्चिम डीसीपी, एसीपी, सहादतगंज थाना प्रभारी संतोष आर्या सहित कई थानों के प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्रीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर मोहर्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने को लेकर चर्चा की।

सहादतगंज थाना प्रभारी संतोष आर्या ने अपने सहज और सकारात्मक व्यवहार तथा शेरो-शायरी के माध्यम से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन के सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए डीसीपी पश्चिम ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या गलत जानकारी फैलाने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

मोहर्रम के जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक का उद्देश्य आमजन को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा एवं सुविधाओं की जानकारी देना तथा त्योहार को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराना रहा।

अंत में मुतवल्ली मीसम रिज़वी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी मोहर्रम पूरी अकीदत, अनुशासन और गंगा-जमुनी तहज़ीब के साथ मनाया जाएगा।

सच की आवाज वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments