Breaking News

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कसी कमर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मोहर्रम पर्व का मुख्य आयोजन 25, 26 एवं 27 जून 2026 को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संपन्न होगा। पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में निर्देशित किया गया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे तथा जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर विद्युत तारों को आवश्यकतानुसार ऊंचा कराया जाए। नगर निगम को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं मार्ग में मौजूद अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। ताजिया जुलूसों एवं अन्य कार्यक्रमों की निगरानी के लिए थानावार अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे स्थानीय समितियों एवं आयोजकों से समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं तथा किसी भी स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, उप जिलाधिकारी सदर संजय पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments