Breaking News

सहयोग संस्था ने अग्निपीड़ित परिवार की मदद कर पेश की इंसानियत की मिसाल

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी एवं सहयोग संस्था ने एक अग्निपीड़ित परिवार की सहायता कर मानवता की मिसाल पेश की है। आग लगने की घटना में विकलांग जन कल्याण समिति महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमती मीनू मिश्रा के घर का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया था, जिससे परिवार को गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने अपने स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने के साथ अतिरिक्त सहयोग के लिए सहयोग संस्था के संस्थापक मोहम्मद शहनवाज खान एडवोकेट से अनुरोध किया। अनुरोध पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सहयोग संस्था ने पीड़ित परिवार की सहायता का निर्णय लिया।

कच्चा कटरा स्थित मिलन मैरिज लॉन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहयोग संस्था के पदाधिकारियों ने श्रीमती मीनू मिश्रा को एक बक्सा, सीलिंग फैन, वाटर कूलर, बिस्तर, कपड़े, छाता सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की।

इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि सहयोग संस्था अपने नाम के अनुरूप समाज के जरूरतमंद और पीड़ित लोगों के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि सभी सामाजिक संगठनों को इस प्रकार की सेवा भावना से प्रेरणा लेनी चाहिए, क्योंकि पीड़ित मानवता की सेवा ही सच्ची समाज सेवा है।

सहयोग संस्था के संस्थापक मोहम्मद शहनवाज खान एडवोकेट ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है और संस्था आगे भी ऐसे सेवा कार्यों को जारी रखेगी।

कार्यक्रम में विकास सक्सेना, स्तुति गुप्ता, हरजीत सिंह, शिवम वर्मा एडवोकेट, सोमेश यादव, जितेंद्र सिंह, सैय्यद अनवर, शालू यादव, रजनी गुप्ता, सुमन गुप्ता, बालकृष्ण पांडेय, मीनू मिश्रा, बृजेश गुप्ता, राखी बनकोटी, अनुज जौहरी, अग्रज जौहरी, अवनीश सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments