Breaking News

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शाहजहाँपुर पुलिस ने थानों में कराया सामूहिक योगाभ्यास

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का दिया संदेश

शाहजहाँपुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना रोजा परिसर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं थाना प्रभारी के साथ योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन, कार्यक्षमता एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है।

वहीं क्षेत्राधिकारी तिलहर ने थाना तिलहर परिसर में पुलिस बल के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने योग को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का आधार बताते हुए सभी कर्मियों को इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग तनाव कम करने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।

क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने थाना जलालाबाद परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी कर्मियों से नियमित योग करने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य सभी थानों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान योग के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका पर चर्चा की गई।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Aging)" के अनुरूप पुलिस कर्मियों को बढ़ती आयु में बेहतर स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली एवं मानसिक सुदृढ़ता बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से जनपद पुलिस ने स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments