Breaking News

कॉमर्स विभाग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ

 

स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इसके उभरते क्षेत्र” विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ स्वामी शुकदेवानन्द सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अतिथियों का चंदन तिलक एवं पुष्प कलिका भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजेन्द्र सिंह (रज्जु भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज के वाणिज्य विभाग की प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सक्सेना का स्वागत करते हुए बृजलाली ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

संगोष्ठी के संयोजक एवं वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. अनुराग अग्रवाल ने विषय स्थापना करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर वास्तविक बुद्धिमत्ता का नियंत्रण होना चाहिए, लेकिन वर्तमान समय में युवा वर्ग प्रत्येक क्षेत्र में एआई पर अत्यधिक निर्भर होता जा रहा है।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि एवं प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों से नई तकनीकों को अपनाने तथा उनके नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह ने कहा कि उत्पादन एवं मार्केटिंग के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से गुणवत्ता में वृद्धि हुई है तथा लागत में कमी आई है। उन्होंने घोषणा की कि व्यावसायिक क्षेत्र में एआई की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए विश्वविद्यालय में शीघ्र ही बी.कॉम. (एआई) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमलेश गौतम ने किया, जबकि अंत में डॉ. देवेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन सत्र के उपरांत दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शोधार्थियों द्वारा 34 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी तथा विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. गौरव सक्सेना, डॉ. अजय कुमार वर्मा, डॉ. सचिन खन्ना, डॉ. संतोष प्रताप सिंह, डॉ. अखंड प्रताप सिंह, डॉ. अपर्णा त्रिपाठी, डॉ. बरखा सक्सेना एवं खुशी सक्सेना सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments