स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
झांसी, 21 जून 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज झांसी मंडल में लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर समयबद्ध ढंग से कार्य प्रारंभ कराया जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान झांसी, ललितपुर एवं जालौन जनपदों से लगभग ₹7000 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, राज्य राजमार्गों, सेतु निर्माण, आरओबी-आरयूबी, फ्लाईओवर तथा धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों से संबंधित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और बुंदेलखंड क्षेत्र में उपलब्ध विशाल लैंड बैंक निवेश एवं औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रिन्यूएबल एनर्जी से संबंधित परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़कों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी कार्य प्रारंभ न करने वाली फर्मों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि प्रदेश की प्रगति और जनता की सुविधाओं में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments