ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 25 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत तहसील बलरामपुर स्थित माया होटल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 67 जोड़ों का विवाह एवं निकाह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।
समारोह में 44 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार तथा 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता, सौहार्द और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधायक सदर पलटूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती शुक्ला, नगर पालिका परिषद बलरामपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी हरैया सतघरवा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक बेटियों का विवाह कराने का अवसर प्रदान कर सामाजिक समानता एवं सौहार्द को मजबूत कर रही है।
इस अवसर पर विधायक पलटूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
योजना के तहत ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में, ₹21,000 की उपहार सामग्री नवदंपति को तथा ₹15,000 विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। विवाह एवं निकाह की सभी रस्में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, बलरामपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments