Breaking News

🌳 ग्राम समाज की जमीन पर पेड़ कटान का मामला, ग्रामीणों को देख आरा-कुल्हाड़ी छोड़कर भागे आरोपी

 

ब्यूरो रिपोर्ट अंकुल गुप्ता सीतापुर ✍️

सीतापुर। सकरन थाना क्षेत्र की मोहरी ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की भूमि पर लगे पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के पहुंचने पर पेड़ काट रहे लोग आरा और कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रमपुरवा निवासी किसान बीरबल पुत्र हिरन बुधवार दोपहर अपने खेत की निगरानी करने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने ग्राम समाज की भूमि पर लगे भिलोर, जैता सहित अन्य पेड़ों को कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से काटते देखा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर पहले भी पेड़ों की कटाई कर लाखों रुपये के लकड़ी की बिक्री की गई थी। ग्रामीणों ने इस मामले में ग्राम प्रधान एवं मंदिर के पुजारी पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

किसान बीरबल के मौके पर पहुंचते ही पेड़ काट रहे सभी लोग अपना सामान छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद बीरबल ने थाना सकरन में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामला राजस्व से संबंधित प्रतीत होता है। इसकी जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम समाज की भूमि पर पेड़ों की कटाई का मामला होने के कारण राजस्व विभाग एवं वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments