Breaking News

एक पेड़ माँ के नाम 2.0' बना जनआंदोलन, वन महोत्सव-2026 का भव्य समापन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया पौधरोपण, सीड बॉल अभियान व जागरूकता रैली से गूंजा शाहजहाँपुर

शाहजहाँपुर। "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान की थीम पर आयोजित वन महोत्सव-2026 का जनपद में उत्साह, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ भव्य समापन हुआ। प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार के निर्देशन में वन विभाग द्वारा जनपद की विभिन्न रेंजों में पौधरोपण, जनजागरूकता रैली, सीड बॉल अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समापन अवसर पर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में कुलपति के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स, विश्वविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। इसके बाद निकाली गई विशाल जनजागरूकता रैली में "पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ", "हर घर एक पौधा" और "एक पेड़ माँ के नाम" जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

वन विभाग की अभिनव पहल के तहत उचौलिया वन क्षेत्र में स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सीड बॉल अभियान में भाग लेते हुए जंगलों में बीज बॉल का वितरण किया। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक रूप से नए पौधों का अंकुरण बढ़ाना तथा वन क्षेत्र की हरियाली और जैव विविधता को समृद्ध करना है।

वहीं जलालाबाद रेंज के मिर्जापुर बीट अंतर्गत ग्राम रहेमदासपुर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने हरिशंकरी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ ग्रामीणों ने आम, जामुन, अमरूद सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में प्रकृति, पर्यावरण और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि भविष्य में ये पौधे जनपद की हरित संपदा को समृद्ध कर सकें।

वन महोत्सव-2026 के समापन पर वन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए, जिससे शाहजहाँपुर को और अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments