स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। जनपद के अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर पारदर्शिता बढ़ाने और अनधिकृत रूप से अल्ट्रासाउंड किए जाने पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने नई तकनीकी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत अब अल्ट्रासाउंड मशीनें केवल संबंधित पंजीकृत चिकित्सक के बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन के बाद ही संचालित हो सकेंगी।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सदर बाजार स्थित चौधरी डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण कर नई तकनीक का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बिना चिकित्सक की उपस्थिति के अल्ट्रासाउंड किए जाने तथा भ्रूण लिंग जांच संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह पहल की गई है। नई प्रणाली लागू होने के बाद चिकित्सक की अनुपस्थिति में मशीन किसी भी स्थिति में संचालित नहीं हो सकेगी, जिससे अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा अल्ट्रासाउंड किए जाने पर प्रभावी रोक लगेगी।
उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से प्रत्येक अल्ट्रासाउंड का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। इससे मशीन के संचालन की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी और किसी भी शिकायत की स्थिति में उसका सत्यापन आसानी से किया जा सकेगा। साथ ही भ्रूण लिंग जांच जैसे अवैध एवं दंडनीय कृत्यों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से जनपद के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लागू की जाएगी। इसका उद्देश्य मरीजों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं नियमानुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि नई प्रणाली लागू होने के बाद अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी और अधिक प्रभावी होगी तथा निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments