स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 25 जुलाई। विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण तथा सकारात्मक एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय में मेंटरिंग एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक, मानसिक एवं भावनात्मक चुनौतियों से उबरने में मार्गदर्शन प्रदान करना तथा उन्हें आत्मविश्वासी एवं लक्ष्य-केंद्रित बनाने में सहयोग देना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलेश गौतम को प्रकोष्ठ का समन्वयक तथा हिंदी विभाग के श्री सुजीत कुमार वर्मा को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है। प्रकोष्ठ में डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. अरुण कुमार यादव, डॉ. संदीप वर्मा, श्री अमित कुमार, डॉ. बरखा सक्सेना, डॉ. अजय वर्मा, श्री राम औतार सिंह, डॉ. बलवीर, डॉ. अशोक कुमार एवं डॉ. प्रतिभा शर्मा को सदस्य बनाया गया है। वहीं, विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने के लिए डॉ. वाई.के. मलिक को विशेष आमंत्रित चिकित्सक के रूप में शामिल किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रभावी परामर्श व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार नई पहल कर रहा है और यह प्रकोष्ठ उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, नवगठित प्रकोष्ठ समय-समय पर व्यक्तिगत परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाओं एवं प्रेरक सत्रों का आयोजन करेगा, जिससे विद्यार्थियों को मानसिक, शैक्षणिक एवं भावनात्मक स्तर पर आवश्यक सहयोग मिल सकेगा।
नोट: यह समाचार स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments