Breaking News

पीजीआई पुलिस ने फायरिंग व जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार, तमंचा व जिंदा बम बरामद

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 30 जुलाई। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की पीजीआई थाना पुलिस ने फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देशी तमंचा तथा एक जिंदा बम बरामद किया गया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार, पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक, अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वंशथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को कृष्णा मिश्रा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अभिषेक श्रीवास्तव (26 वर्ष) ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और जान से मारने की नीयत से फायर किया, हालांकि गोली नहीं चली। इस संबंध में थाना पीजीआई पर मुकदमा संख्या 397/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी अभिषेक श्रीवास्तव, निवासी मूलतः सदर बाजार, थाना कैंट, जनपद बरेली एवं वर्तमान निवासी उतरेठिया, थाना पीजीआई, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का देशी तमंचा तथा एक जिंदा बम बरामद होने का दावा किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि का अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय द्वारा किया जाएगा। आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने तक निर्दोष माना जाएगा।

नोट: यह समाचार पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments