स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 24 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को निर्माणाधीन हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम (नक्षत्रशाला) एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री के साथ ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह तथा नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी भी मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 13.11 करोड़ रुपये की लागत से हॉकी क्लब का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत 1323.90 लाख रुपये की लागत से मल्टीलेवल कार पार्किंग तथा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 2037.37 लाख रुपये की लागत से प्लैनेटोरियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
अधिकारियों के अनुसार, मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना में मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग व्यवस्था, गार्ड रूम, पार्किंग और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा इसे फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने प्लैनेटोरियम परियोजना का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 60 प्रतिशत है। इसके अंतर्गत बच्चों में वैज्ञानिक सोच एवं जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों और आकर्षणों से युक्त विशेष क्षेत्र विकसित किया जाएगा। साथ ही भवन में आधुनिक जिम, लाइब्रेरी और साइबर कैफे स्थापित करने की योजना है तथा नागरिकों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments