स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने किन्नर समाज के लोगों पर जानलेवा फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल करने के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को वादी की तहरीर पर थाना मिर्जापुर में मु0अ0सं0 164/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि हमलावरों ने वादी की गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें सोनम किन्नर एवं राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 04 अगस्त 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर कोलाघाट पुल, रामगंगा नदी के पास से दो वांछित अभियुक्तों आदेश उर्फ धीरू तिवारी (30 वर्ष) निवासी सेहरामऊ दक्षिणी, शाहजहाँपुर तथा अताब अली (23 वर्ष) निवासी कादर चौक, बदायूँ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो देशी तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम सहित अन्य धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से किया गया था। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य नामजद एवं फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक चन्द्रपाल सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक मिश्रा तथा कांस्टेबल आकाश पुण्डीर शामिल रहे।
