ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद में परिवार नियोजन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और छोटे परिवार के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कलेक्ट्रेट परिसर से परिवार नियोजन जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान परिवार कल्याण विभाग द्वारा मोबियस फाउंडेशन एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जनसामान्य को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने आशा कार्यकर्त्रियों से संवाद करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा कार्यकर्त्रियों से भ्रांतियों को दूर करने, पात्र दंपत्तियों को उचित परामर्श देने तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जागरूकता वैन जनपद के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर परिवार नियोजन की अस्थायी एवं स्थायी विधियों, जन्म अंतराल के लाभ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। अभियान के दौरान प्रचार-प्रसार सामग्री एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा कार्यकर्त्रियां एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
