ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा, लखनऊ
आज दिनांक 17 मई 2025 को लखनऊ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 58, मोतीलाल नेहरू नगर स्थित महाराजा अग्रसेन स्कूल में आई.ई.सी. एक्टिविटी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन लखनऊ नगर निगम की सहायक कंपनी लायन इनवायरो लखनऊ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में लायन इनवायरो लखनऊ के आई.ई.सी. हेड प्रवीण कुमार सिंह ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कचरे के पृथक्कीकरण के विषय में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि घरों में कचरे को चार भागों में अलग करना आवश्यक है – गीला कूड़ा, सूखा कूड़ा, जैविक कूड़ा एवं घरेलू हानिकारक कूड़ा। इन सभी को अलग-अलग करके ही नगर निगम की गाड़ियों को सौंपा जाना चाहिए, जिससे कचरे का बेहतर प्रबंधन संभव हो सके।
प्रवीण कुमार सिंह ने यह भी बताया कि पॉलिथीन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और यह किस प्रकार से पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रही है, इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को भी इस विषय में जागरूक करें और पॉलिथीन का उपयोग बंद करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, और आई.ई.सी. टीम के सदस्य रजत सिंह, शशिकला, रुचि एवं वैशाली भी उपस्थित रहे। छात्रों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा।
0 Comments