स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, जून 2025। जिले में आगामी जून से सितंबर 2025 के बीच संभावित भारी बारिश और बाढ़ की स्थितियों से निपटने हेतु जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क और जवाबदेह रहने के निर्देश दिए हैं। एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं करेगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बीते वर्ष की तरह इस बार भी गर्रा, खन्नौत, रामगंगा और गंगा नदियों में जलस्तर बढ़ने से संभावित बाढ़ का खतरा मंडरा सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। ऐसी स्थिति में तेज सूचना प्रवाह, त्वरित समन्वय और समय रहते राहत पहुंचाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना, घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल आपदा कंट्रोल रूम, कलेक्ट्रेट के निम्नलिखित दूरभाष नंबरों पर साझा की जाए:
📞 05842-462754, 220018, 351037, 351038
इसके साथ ही, इन नंबरों से आने वाली कॉल्स को तत्काल रिसीव किया जाना अनिवार्य किया गया है। किसी भी स्तर पर उपेक्षा या लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
यह निर्देश राजस्व विभाग, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एवं अन्य संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को स्पष्ट रूप से जारी किया गया है, ताकि बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान प्रभावित नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि जनता की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय और उत्तरदायी बना रहे।
0 Comments