स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, 2 जुलाई 2025 — वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग द्वारा तिलहर रेंज के ग्राम कुण्डरा-खण्डसार संपर्क मार्ग पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें छायादार और फलदार वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान खण्डसार दीपक यादव ने वृक्ष रोपित कर की, जिन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक पौधे लगाने की अपील की। इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी अनिल कुमार ने ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान को विशेष पहल बताते हुए कहा कि जन सहयोग से ही पर्यावरण संतुलन संभव है।
वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत पीपल, कदम्ब, जामुन, बहेड़ा जैसे उपयोगी व पर्यावरण हितैषी प्रजातियों को लगाया गया। वहीं दूसरी ओर, प्रभागीय वन कार्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश के राजकीय वृक्ष 'अशोक' का रोपण प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार व उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस कार्यक्रम में वन विभाग के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें क्षेत्रीय वनाधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद, जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय सक्सेना, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी अजय सिंह राणा, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित शर्मा, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी अजय सिंह, वन दरोगा सुशील कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार, और श्याम सिंह सहित विभागीय टीम शामिल रही।
इस अवसर ने न सिर्फ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि यह भी दर्शाया कि प्राकृतिक संरक्षण के लिए समुदाय और प्रशासन का संयुक्त प्रयास कितना जरूरी है। वन विभाग की यह पहल भविष्य की हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हो रही है।
0 Comments