डीएम ने अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया जनपद में देश भक्ति गीत एवं रंगारग कार्यक्रमों का आयोजन कर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस*
शाहजहांपुर 15 अगस्त,2025। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने गांधी भवन में गांधी जी, लाल बहादुर शास्त्री, सुभाष चंद्र बोस, नगर निगम परिसर में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्र लाहड़ि, अशफाक उल्ला खां, शहीद उद्यान पार्क में शहीदों की प्रतिमाओं तथा कलेक्ट्रेट में नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया तथा झंडा अभिवादन किया और राष्ट्रीय एकीकरण की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट परिसर में स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों की वीर नारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया इसके साथ ही जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया एवं बच्चों को उपहार देकर उत्साहवर्धन किया। स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों तथा उसका अभ्यास कराने वाली अध्यापिकाओं की सराहना की। कलेक्ट्रेट के कर्मचारी की कार दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले गुड समैरिटन को भी शॉल ओढ़ाकर, स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सबके सामने एक स्पष्ट लक्ष्य है — विकसित भारत 2047। लेकिन इसके लिए केवल स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना ही पर्याप्त नहीं है। हमें उनकी कुर्बानियों के पीछे की सोच, उनके सपनों और उनके विज़न को भी समझना होगा — और उसे साकार करना होगा। यह तभी संभव है, जब हम सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और लगन से करें, यह सोचकर कि यह देश हमारा है और इसके विकास के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना है।
अक्सर देखा जाता है कि लोग अपने कार्य समय के कुछ घंटों को ही ज़िम्मेदारी मानकर सीमित हो जाते हैं, या केवल वेतन के लिए काम करते हैं। लेकिन सच्ची राष्ट्रसेवा तभी होती है जब हम अपने दायरे से आगे बढ़कर, अतिरिक्त प्रयास करें। कई बार कुछ कार्य हमें सीधे अपने जिम्मे के नहीं लगते, लेकिन अगर हम थोड़ी पहल करें तो हम किसी की बड़ी मदद कर सकते हैं।
हाल ही में, चार व्यक्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने एक सड़क दुर्घटना में घायल कर्मचारी को तुरंत वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हममें से कई लोग रोज़ाना ऐसी घटनाएं देखते हैं, पर अक्सर अनदेखा कर आगे बढ़ जाते हैं। अगर हर कोई ऐसी संवेदनशीलता दिखाए, तो समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है।
अभी हाल में 24 घंटे की विधानसभा चली, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री जी ने 2047 का विज़न प्रस्तुत किया। इस पर विस्तृत चर्चा हुई और यह तय हुआ कि आने वाले 20 वर्षों में प्रदेश और देश को नई ऊँचाइयों पर कैसे ले जाया जाएगा। प्रदेश का जीडीपी जो छह साल पहले 13 लाख करोड़ था, वह अब 29 लाख करोड़ तक पहुंच चुका है, और अगले एक वर्ष में इसे 35 लाख करोड़ करने का लक्ष्य है। यह तभी संभव होगा जब हर नागरिक, हर अधिकारी, हर कर्मचारी इस सोच के साथ काम करे कि देश को आगे बढ़ाना ही हमारी प्राथमिक ज़िम्मेदारी है ।
जनपद शाहजहांपुर ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज़ादी के बाद तक, हर संघर्ष में अपनी अहम भूमिका निभाई है। अब हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम अपने पूर्वजों के सपनों को साकार करें और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएं।"
कार्यक्रम का संचालन डॉ इंदु अजनबी द्वारा किया गया।
अंत में जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन से शहीदों की सलामी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा खिरनी बाग, रामलीला मैदान स्थित सहित स्तंभ में शहीदों की रैली को सलामी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ0 विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राशिद अली, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, कोषाधिकारी अमरेश बहादुर पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
लखनऊ
0 Comments