Breaking News

बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, पावर कॉरपोरेशन पर वादाखिलाफी का आरोप

ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर

सकरन/सीतापुर। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन की वादाखिलाफी से नाराज बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदेशभर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सीतापुर जनपद में जिलाध्यक्ष आउटसोर्स बिजली कर्मचारी संघ की अगुवाई में सभी 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर संविदा कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और 29 नवम्बर 2025 को जारी किए गए कार्यवृत्त (Minutes of Meeting) की प्रतियों का दहन किया।

कर्मचारियों का आरोप है कि पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने अपने ही आदेशों का उल्लंघन करते हुए करीब 15 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों की छंटनी की, वेतन निर्धारण नहीं किया, मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों को बहाल नहीं किया और घायल कर्मचारियों के कैशलेस इलाज व भुगतान में लापरवाही बरती। इसके साथ ही ईपीएफ और ईएसआई जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी कर्मचारियों को वंचित रखा गया है।

संगठन के अनुसार 26 नवम्बर 2025 को शक्ति भवन, लखनऊ में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद निदेशक (कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासन) की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी थी। इनमें 55 वर्ष के नाम पर हटाए गए अनुभवी कर्मचारियों की पुनः तैनाती, वर्टिकल व्यवस्था में छंटनी न करने, मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों की वापसी, घायल कर्मचारियों के उपचार खर्च का भुगतान और मीटर रीडरों को न्यूनतम वेतन दिए जाने की जांच शामिल थी।

कर्मचारियों का कहना है कि 29 नवम्बर 2025 को जारी किया गया कार्यवृत्त बैठक में बनी सहमति के अनुरूप नहीं था। इसी के विरोध में 20 दिसम्बर 2025 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कार्यवृत्त की प्रतियों का दहन किया गया और आंदोलन तेज किया गया।

सीतापुर में शाम चार बजे सभी उपकेंद्रों पर संविदा कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र अमल नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
जिला संगठन मंत्री राहुल दीक्षित ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और समझौतों का उल्लंघन कर उन्हें मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। वहीं जिलाध्यक्ष सुखविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि आउटसोर्स बिजली कर्मचारी अब आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर हैं।

Post a Comment

0 Comments