Breaking News

10 से 28 फरवरी तक चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, डीएम ने दिए व्यापक तैयारी के निर्देश


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 05 फरवरी।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में 10 से 28 फरवरी 2026 तक संचालित होने वाले फाइलेरिया आईडीए कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु द्वितीय जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह अभियान जनपद के चयनित 13 ब्लॉकों एवं शहरी क्षेत्र में चलाया जाएगा, जिसमें पात्र व्यक्तियों को एलबेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन दवाओं की खुराक दी जाएगी। इसके लिए 2832 टीमों का गठन कर माइक्रोप्लान तैयार किया गया है।

डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आशा घरों को दवा वितरण केंद्र बनाया जाएगा, जबकि एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने व्यापक प्रचार-प्रसार और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया मच्छरजनित गंभीर बीमारी है, जो एक बार होने पर ठीक नहीं होती, इसलिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को वर्ष में एक बार दवा अवश्य खानी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारियों का समय से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और जनपदवासियों से अभियान में सहयोग की अपील की।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments