Breaking News

मण्डलायुक्त/रोल प्रेक्षक ने की एसआईआर कार्यों की समीक्षा मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिविहीन व पारदर्शी बनाने पर दिया जोर


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर, 06 फरवरी।
आयुक्त, बरेली मंडल बरेली एवं रोल प्रेक्षक भूपेंद्र एस. चौधरी ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। इस संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जनपद के माननीय सांसद/विधायकगण तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति, प्राप्त नोटिसों की सुनवाई तथा उनके समयबद्ध निस्तारण पर विचार-विमर्श किया गया। जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अर्ह मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु फार्म-6 भरवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। साथ ही राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बीएलओ के कार्यों में सहयोग करने का अनुरोध किया गया।

मण्डलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, त्रुटिविहीन और पारदर्शी होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए अधिकारी इस दिशा में विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त सभी नोटिसों की सुनवाई कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सूचनाओं का प्रभावी आदान-प्रदान बनाए रखा जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के लिए जनपद की छहों विधानसभाओं में 170 एईआरओ कार्यरत हैं। जनपद में कुल 2810 मतदेय स्थल एवं 1792 मतदान केंद्र स्थापित हैं। प्रकाशित आलेख्य (06 जनवरी 2026) के अनुसार जनपद में पुरुष मतदाता 10,08,599, महिला मतदाता 8,02,921, तृतीय लिंग मतदाता 96 तथा कुल मतदाता 18,11,616 हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु 06 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 30 सहायक निर्वाचक अधिकारी, 2810 बीएलओ तथा 285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।



Post a Comment

0 Comments