Breaking News

होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, खराब खोया व मिठाइयाँ नष्ट

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 फरवरी 2026। होली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्द्रशेखर मिश्र के निर्देशन में टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान खोया मंडी केरूगंज का निरीक्षण किया गया। नगरिया मोड़ के पास एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर उसमें रखे खोये के तीन नमूने लिए गए। जांच के दौरान लगभग एक कुंतल (करीब ₹25,000 मूल्य) खराब खोया नष्ट कराया गया।

इसके साथ ही गोविंदगंज स्थित Blinkit स्टोर से पनीर, कॉफी पाउडर और घी के नमूने संग्रहित किए गए।

अगले दिन महिला थाना क्षेत्र के पास स्थित दुर्गेश डेयरी से खोया, पनीर और घी के नमूने लिए गए और खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ बनाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया।

इसी क्रम में प्रज्ज्वल यादव के मिठाई निर्माण स्थल पर छापेमारी के दौरान गंदगी में तैयार लगभग 60 किलो मिठाइयाँ (बर्फी, छेना, गुलाब जामुन, रसगुल्ला) नष्ट कराई गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹18,000 बताई गई।

इसके अलावा सैनिक कॉलोनी क्षेत्र में एक डेयरी से मिश्रित दूध का नमूना लेकर जांच हेतु भेजा गया।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments