शाहजहांपुर।
परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद नायक जदुनाथ सिंह का बलिदान दिवस दिनांक 6 फरवरी को पूरे जनपद में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित सैनिक कल्याण विभाग परिसर में स्थापित शहीद की प्रतिमा पर जिलाधिकारी ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि नायक जदुनाथ सिंह का बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य धरोहर है और उनका वीरतापूर्ण जीवन देश के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने देश की रक्षा करते हुए जो अद्वितीय शौर्य और समर्पण का परिचय दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
बलिदान दिवस के अवसर पर जनपद के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों को उनके जीवन, वीरता और राष्ट्रप्रेम से परिचित कराया गया, जिससे उनमें देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित हो सके।
शहीद नायक जदुनाथ सिंह के पैतृक गांव खजुरी में भी विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राजपूत रेजीमेंट के सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिकों तथा ग्रामीणों ने उपस्थित होकर शहीद को नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों एवं अधिवक्ताओं सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने भी माल्यार्पण कर अमर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों ने शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments