Breaking News

पुलिस अधीक्षक ने साइबर क्राइम थाना व एएचटीयू का वार्षिक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर। दिनांक 10 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा थाना साइबर क्राइम एवं मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम थाना साइबर क्राइम की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण, अपराध एवं शिकायत रजिस्टर, सीसीटीएनएस प्रविष्टियाँ, लंबित व निस्तारित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने विवेचनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने के साथ-साथ शासनादेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों की जांच में प्रयुक्त तकनीकी संसाधनों, डिजिटल साक्ष्य संकलन, डेटा विश्लेषण तथा सुरक्षित अभिलेखीकरण की स्थिति का परीक्षण करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध एवं अन्य साइबर धोखाधड़ी मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया। आमजन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, पीड़ितों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने तथा साइबर जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।


इसके पश्चात मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) का निरीक्षण करते हुए पंजीकृत प्रकरणों, रेस्क्यू, संरक्षण, पुनर्वास, परामर्श एवं संबंधित विभागों तथा गैर-सरकारी संस्थाओं के साथ समन्वयात्मक कार्यवाही की समीक्षा की गई। महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता अपनाने, आसूचना तंत्र को मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा अंतर-जनपदीय एवं अंतर-राज्यीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी व अनुशासन के साथ निर्वहन करने, आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। अंत में उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में साइबर अपराध एवं मानव तस्करी की रोकथाम हेतु और अधिक प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments